अपने आखिरी सार्वजनिक भाषण में, सर्फ़ ने तकनीकी दुनिया को एक स्पष्ट चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि ऑटोनॉमस AI एजेंट्स (स्वायत्त कृत्रिम बुद्धिमत्ता एजेंट) का तेजी से बढ़ता चलन उसी समस्या की ओर जा रहा है जिसे उन्होंने 1970 के दशक में हल किया था। उनके अनुसार, अलग-अलग कंपनियों और प्लेटफार्मों के AI एजेंट (जैसे कि कोई AI असिस्टेंट जो आपकी ओर से ऑनलाइन शॉपिंग या बैंकिंग कर सकता है) आपस में संवाद करने में सक्षम नहीं होंगे जब तक कि उनके लिए एक समान मानक प्रोटोकॉल विकसित नहीं किया जाता ।
सर्फ़ ने समझाया, "AI का एजेंटिक मॉडल, जहां कई स्रोतों से आए कई एजेंट एक-दूसरे से बातचीत कर रहे हैं, हमें इंटरऑपरेबिलिटी, मानकीकरण और सिस्टम के बीच समन्वय के लिए मजबूर करेगा।" उनका मानना है कि इस समस्या का समाधान वही होगा जो उन्होंने और रॉबर्ट कान ने कंप्यूटर नेटवर्क को आपस में जोड़ने के लिए TCP/IP प्रोटोकॉल के रूप में किया था। TCP/IP ही वह 'भाषा' है जो अलग-अलग नेटवर्क को आपस में बात करने और इंटरनेट को चलाने की अनुमति देती है।
1973 में, सर्फ़ और रॉबर्ट कान ने मिलकर TCP/IP प्रोटोकॉल सूट (प्रोटोकॉल का सेट) डिजाइन किया, जो आज भी इंटरनेट की रीढ़ है। यह वह तकनीक है जो अलग-अलग कंप्यूटर नेटवर्क को एक-दूसरे से जुड़ने और डेटा साझा करने में सक्षम बनाती है । 2005 में गूगल में शामिल होने के बाद, उन्होंने एक तकनीकी दूरदर्शी और नीति-निर्माता के रूप में काम किया, वैश्विक इंटरनेट नीति को आकार देने और ओपन इंटरनेट के सिद्धांतों को बढ़ावा देने में मदद की
।
सर्फ़ का रिटायरमेंट सिर्फ एक नौकरी छोड़ने का नहीं, बल्कि उस युग के अंत का प्रतीक है जिसमें ओपन प्रोटोकॉल और इंटरऑपरेबिलिटी तकनीकी दुनिया के केंद्र में थी । अब, AI एजेंट्स के युग में, उनका यह संदेश पहले से कहीं अधिक प्रासंगिक हो गया है कि यदि हमने समान मानक (स्टैंडर्ड) नहीं बनाए, तो डिजिटल दुनिया में अराजकता (फ्रैग्मेंटेशन और कैओस) फैल सकती है।